केंद्रीय उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय जांच दल खनन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखकर त्वरित कार्रवाई का दिखने लगा असर…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के अनुरूप प्रदेशभर में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। केंद्रीय उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय जांच दल खनन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखकर अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं।

इसी क्रम में खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मध्यरात्रि में बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम उदईबंध और अमलडीहा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिवनाथ नदी में मशीनों के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन होते पाया गया।

मौके पर तीन चैन माउंटेन मशीनें अवैध उत्खनन में संलग्न मिलीं। जांच दल को देखकर मशीन ऑपरेटर मशीनों को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत ग्राम उदईबंध में दो तथा अमलडीहा में एक चैन माउंटेन मशीन को जप्त कर सील कर दिया। साथ ही संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी कर मशीनों के मुख्य द्वार पर चस्पा किया गया।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

