बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर आज बिलासपुर में एनएसयूआई ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में केंद्र की भाजपा सरकार, शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया गया।

इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कुर्सी है तुम्हारा ये जनाज़ा तो नहीं है, कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते…! उन्होंने कहा कि NEET जैसे महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना देश के लाखों छात्रों के सपनों की हत्या है और यह पूरी व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।
रंजीत सिंह ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा पे चर्चा करने वाली सरकार आज यह बताए कि परीक्षाएं सुरक्षित क्यों नहीं हैं।

एनएसयूआई ने शिक्षा मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए NTA को पूरी तरह भंग कर बैन करने की मांग भी उठाई। संगठन ने कहा कि एजेंसी छात्रों के भविष्य की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

ज्ञापन में देशभर में छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि भ्रष्ट और असफल परीक्षा व्यवस्था ने युवाओं को मानसिक प्रताड़ना झेलने पर मजबूर किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और NTA को बैन नहीं किया गया, तो देशव्यापी उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव लोकेश नायक, बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव, जिला उपाध्यक्ष सुमित शुक्ला, शुभम जायसवाल, प्रवीण साहू, विपिन साहू, राकेश तिवारी, शिवांश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

