नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से भागने की फिराक में था आरोपी पुलिस ने धर दबोचा…!
साइबर टीम और थाना सरगांव की संयुक्त कार्रवाई…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बारात से लौटते समय चाकूबाजी और मारपीट कर युवक की हत्या करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से भागने की फिराक में था, लेकिन साइबर टीम और सरगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने उसकी योजना विफल कर दी।
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में फरार आरोपी रवि वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले का मुख्य आरोपी सुधीर केवट पहले ही गिरफ्तार होकर जिला जेल मुंगेली भेजा जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 08-09 मई 2026 की रात बारात से लौटते समय आरोपी रवि वर्मा और उसके साथी सुधीर केवट ने बारातियों के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए चाकू और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया था। इस हमले में लक्ष्मी प्रधान की मौत हो गई थी, जबकि सूरज कश्यप सहित अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
मामले में थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 296, 103(1), 109, 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
फरार आरोपी रवि वर्मा लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर टीम और थाना सरगांव पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी उज्जैन से नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन पहुंचते ही घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जाने की बात कही, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने हत्या की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह गिरफ्तारी के डर से उज्जैन में छिपा हुआ था और पैसे खत्म होने पर वापस लौट रहा था। आगे पैसे की व्यवस्था कर जगन्नाथ पुरी भागने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने आरोपी रवि वर्मा पिता मनोज वर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम लखराम थाना रतनपुर जिला बिलासपुर को विधिवत गिरफ्तार कर 22 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा, उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल), प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, आरक्षक राहुल यादव, राम कश्यप, हकीम अली एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


