बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिले में कोयला चोरी और मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है। हिर्री पुलिस ने उच्च गुणवत्ता वाले कोयले में घटिया कोयला मिलाकर पॉवर प्लांट में सप्लाई करने वाले आरोपी डिपो संचालक राम कुमार आर्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। केमिस्ट की जांच में कोयले की गुणवत्ता में भारी गड़बड़ी सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार पेण्ड्रा निवासी आशीष केशरी, जो कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करते हैं, ने हिर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एसईसीएल रामपुर खदान से वाहन क्रमांक CG 12 S 8901 एवं CG 04 HX 4888 में जी-6 श्रेणी का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला (5500-5800 GCV) लोड कर ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड, डिघोरा भेजा गया था। सप्लाई का डीओ नंबर 3330081502 था।
जब दोनों ट्रेलर प्लांट पहुंचे तो वहां केमिस्ट द्वारा किए गए लैब परीक्षण में कोयले की गुणवत्ता बेहद कम पाई गई। जांच में कोयला 4203 एवं 4220 GCV का निकला, जिससे स्पष्ट हुआ कि रास्ते में या डिपो में उच्च गुणवत्ता वाले कोयले में घटिया कोयले की मिलावट की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया तथा यार्ड में मौजूद निम्न गुणवत्ता वाले कोयले का सैंपल जब्त किया। साथ ही दोनों ट्रेलरों को भी कब्जे में लिया गया।
जांच के बाद डिपो संचालक राम कुमार आर्य के खिलाफ धारा 316(3), 317(2), 317(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को 24 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी का विवरण
राम कुमार आर्य, पिता राजकुमार आर्य, उम्र 49 वर्ष, निवासी चकरभाठा, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।

