विद्युत विभाग की तत्परता से टला बड़ा संकट बिजली केबल सुधार कार्य युद्ध स्तर पर जारी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर में बढते तापमान और बिजली की रिकार्ड खपत के बीच एक सकारात्मक पहल देखने को मिली है, विद्युत कंपनी द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पॉवर ट्रांसफार्मर की स्थापना, क्षमतावृद्धि एवं आवश्यक लाइनों के विस्तार के कारण उच्चदाब लाइनों पर कहीं ओव्हरलोडिंग दर्ज नही हुई है, इसी तरह निम्नदाब लाइनों में कुछ स्थानों पर केबल जलने/तार टूटने की शिकायतें आती हैं जिनका सुधार तत्काल करने का प्रयास किया जा रहा है। इस हेतु सभी उपलब्ध मेन्टेनेेंस टीमों को इन्टर जोन कार्य करने, प्रोजेक्ट से अतिरिक्त टीमें नियुक्त कर सुधार कार्य शीघ्रातिशीघ्र करने के प्रयास को सफलता मिल रही है एवं आपसी समन्वय से कार्य दक्षता में अपेक्षित वृद्धि हुई है। मुख्यालय से प्रति उपसंभाग अतिरिक्त टीम प्रदाय की गई है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रखरखाव एवं सुधार कार्य तीव्रता से हो सकेंगें। इसी तरह प्रति जोन अतिरिक्त मेन्टेनेंस टीम की मुख्यालय द्वारा प्रदाय किये जाने की स्वीकृति प्रक्रियागत है जिसके बाद जोन क्षेत्र में रखरखाव एवं सुधार कार्यों में निश्चित रूप से दक्षता वृद्धि होगी।

वर्तमान में विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा घरों के बिजली कनेक्शन में जितना लोड ले रखा है उससे कहीं अधिक विद्युत का खपत किया जा रहा है। जिसके कारण ट्रांसफार्मरों का फ्यूज उड़ने और उनका डीओ गिरने से लोगों को बार-बार विद्युत आपूर्ति में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। इसी तरह कई स्थानों पर लगाए गए केबलों में अत्याधिक गर्मी, तेज धूप तथा अत्याधिक लोड बढ जाने के कारण केबल आपस में चिपककर शार्ट होने लगते हैं। जिसकी वजह से कई स्थानों पर केबल पर शार्ट सर्किट की वजह से केबल जलते हैं एवं तार टूट जाते हैं, परिणामस्वरूप विद्युत प्रवाह बाधित हो जाती है। घटना की सूचना मिलते ही तकनीकी कर्मचारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच कर जले हुये हिस्से को हटाकर विद्युत प्रवाह प्रारंभ करती है।

बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के.अम्बस्थ ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे पीक आवर्स में बिजली का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करें, एवं अपने वास्तविक भार की जानकारी देवें ताकि उसके अनुरूप ट्रांसफार्मर स्थापना, क्षमतावृद्धि एवं अतिरिक्त सर्किट की स्थापना भार अनुरूप की जा सके। इस समझदारी भरे सहयोग से ग्रिड पर अत्याधिक लोड नहीं पड़ेगा और सभी को निर्बाध बिजली मिलती रहेगी। उन्होने कर्मचारियों की इस त्वरित और निष्ठावान मेहनत के कारण, क्षेत्र में कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित और सुचारू रूप से बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।

