ठेकेदार संघ के साथ निगम कमिश्नर की बैठक में संघ ने दी सहमति…!
अब शहर में बनेंगे 100 इंजेक्ट..!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जल संरक्षण एवं भू-जल स्तर को बढ़ाने के जिला प्रशासन के अभियान “भू जल संजीवनी” को मिली है और मजबूती। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे की पहल से अब इस अभियान को मिला है नगर निगम ठेकेदार संघ का हाथ। भू जल संजीवनी अभियान के तहत ठेकेदार संघ के सहयोग से शहर में 50 और इंजेक्टवेल बनाए जाएंगे। इसकी शुरुआत सकरी क्षेत्र से की जाएगी। इस प्रकार नगर निगम क्षेत्र में अब कुल 100 इंजेक्ट वेल बनाए जाएंगे,भविष्य में इसकी संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
इस संबंध में निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने ठेकेदार संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जल संरक्षण की आवश्यकता, इंजेक्टवेल निर्माण की उपयोगिता एवं शहर के भविष्य के जल संकट से निपटने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद ठेकेदार संघ ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए 50 इंजेक्टवेल निर्माण में सहयोग देने की सहमति प्रदान की। विदित है कि कलेक्टर संजय अग्रवाल निर्देश पर पूरे जिले में वर्षा जल संचयन और भू जल में वृद्धि के लिए अलग-अलग तरह के कार्य किए जा रहे हैं। इससे पहले भी नगर निगम द्वारा क्रेडाई (CREDAI) के सहयोग से शहर में 50 इंजेक्टवेल निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। अब ठेकेदार संघ के सहयोग से अतिरिक्त 50 इंजेक्टवेल बनाए जाने से शहर में जल संरक्षण अभियान को और मजबूती मिलेगी।

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि वर्षा जल का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इंजेक्ट वेल निर्माण से भू-जल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी। नगर निगम द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के सहयोग से इस अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है।जिला एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन को लेकर लगातार जनसहभागिता आधारित अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो और शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। आज की बैठक में सीई राजकुमार मिश्रा,एसई एसपी साहू,सभी जोन कमिश्नर,ठेकेदार संघ से राजकुमार तिवारी, नरेंद्र चित्रकार, सौरभ मिश्रा, पुरूषोत्तम राजपूत, संजय केडिया, राकेश मिश्रा, नितिन सिन्हा, प्रतीक तिवारी समेत अन्य ठेकेदार संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
पंप आपरेटरों को निर्देश,समय पर बंद और चालू करें।

इसके पूर्व निगम प्रशासन द्वारा 107 पंप ऑपरेटरों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने गर्मी के मौसम में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जल संरक्षण तथा पानी की बर्बादी रोकने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। पंप ऑपरेटरों को समय पर पंप चालू एवं बंद करने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा कहीं भी गंदा या दूषित पानी की शिकायत ना मिले,इसके लिए विशेष रूप से जिम्मेदारी निभाने कहा गया है। बैठक में जल बचाव एवं जल प्रबंधन को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए निगम कमिश्नर ने कहा कि नागरिकों को बेहतर पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।

