आरोपी को उड़ीसा से दबोचा गया, थाना सरकंडा की कार्रवाई…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर हत्या की साजिश रचने और इसके लिए अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले पांच साल से फरार आरोपी को पुलिस ने आखिरकार उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 1371/2021 के तहत धारा 115, 120बी आईपीसी एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी कुंदन सागर उर्फ कुंदन शा (28 वर्ष) निवासी सिंधी मोहल्ला, कपूर बिल्डिंग के पास, थाना राजगंगपुर, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) को गिरफ्तार किया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 23 अक्टूबर 2021 को तत्कालीन थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक परिवेश तिवारी अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग एवं अपराधियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंगालीपारा गली नंबर-3 के पास कुछ युवक किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपी सुमेश कश्यप निवासी ग्राम नेवसा, थाना रतनपुर को पकड़ा। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साथियों रॉकी उर्फ करण कश्यप निवासी गिधौरी एवं किशन कश्यप निवासी गिधौरी के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते मोंटी कश्यप निवासी नेवसा की हत्या की योजना बना रहा था।
आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने के लिए राजगंगपुर (उड़ीसा) निवासी कुंदन सागर से देशी कट्टा और कारतूस मंगाए थे तथा मौके की तलाश में थे। हालांकि वारदात को अंजाम देने से पहले ही बिलासपुर आने के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
तत्कालीन कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी सुमेश कश्यप के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस तथा आरोपी रॉकी उर्फ करण कश्यप के कब्जे से एक कारतूस बरामद किया था। मामले में तीन आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
वहीं, षडयंत्र में शामिल मुख्य आरोपी कुंदन सागर घटना के बाद से लगातार फरार था। चौकी मोपका पुलिस ने विशेष टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उड़ीसा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से लंबित मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
संभावित 5 साल बाद शिकंजे में आया हथियार सप्लायर: हत्या की साजिश के लिए कट्टा-कारतूस उपलब्ध कराने वाला आरोपी उड़ीसा से गिरफ्तार।

