बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक अमर अग्रवाल ने “नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ : एक नई शुरुआत” विषय पर आयोजित फेसबुक लाइव संवाद में कहा कि छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर क्षेत्र, लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहा, लेकिन आज सुरक्षा, विकास और जनविश्वास के बल पर परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं।
अमर अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में स्पष्ट कहा है कि बस्तर में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है और क्षेत्र अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए केंद्र सरकार ने निर्णायक रणनीति के साथ कार्य किया है और नक्सली संगठनों के शीर्ष ढांचे को गंभीर क्षति पहुंची है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नक्सलवाद को केवल कानून-व्यवस्था की समस्या मानकर नहीं, बल्कि विकास और विश्वास के दृष्टिकोण से भी समाधान करने का कार्य किया। सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के कारण आज बस्तर में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि एक समय था जब नक्सलियों ने बस्तर में भय और हिंसा का वातावरण बना दिया था। विकास कार्य बाधित होते थे, आम नागरिक असुरक्षित महसूस करते थे और युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा था। लेकिन भाजपा सरकार की स्पष्ट नीति, सुरक्षा बलों के पराक्रम और स्थानीय जनता के सहयोग से आज हालात पूरी तरह बदल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए अभियानों, नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना, स्थानीय युवाओं की भागीदारी, आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति तथा आधुनिक सुरक्षा रणनीतियों ने नक्सली नेटवर्क को कमजोर किया है। बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा का रास्ता अपनाया है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा आदिवासी समाज के विकास, सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता दी है। आज बस्तर में विकास कार्यों की जो गति दिखाई दे रही है, वह इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने सुरक्षा बलों, छत्तीसगढ़ पुलिस, CRPF, DRG, बस्तर फाइटर्स तथा स्थानीय नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस, समर्पण और बलिदान के कारण ही छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्ति की दिशा में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर रहा है।
अमर अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बस्तर शांति, विकास और समृद्धि का नया प्रतीक बनेगा तथा छत्तीसगढ़ पूरे देश के सामने सुशासन और विकास का उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

