छत्तीसगढ़ को मिला बड़ा तोहफा: रायपुर में बनेगा 10 एकड़ का ‘जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क…!
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी सहित सराफा एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने जताया आभार…!
रायपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर छत्तीसगढ़ सराफा व्यवसाय और आभूषण उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। वर्षों से चली आ रही छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की मांग को स्वीकार करते हुए राज्य शासन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में 10 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक “जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क” की स्थापना को मंजूरी प्रदान की है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सराफा उद्योग से जुड़े सभी प्रमुख कार्यों को एक ही परिसर में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, थोक व्यापार केंद्र, कटिंग एवं पॉलिशिंग यूनिट, रिफाइनिंग सुविधाएं, मल्टी-स्टोरी कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तथा मैरिज डेस्टिनेशन मॉल की तर्ज पर आधुनिक सराफा मार्केट विकसित किया जाएगा।
इस परियोजना से प्रदेश के हजारों कारीगरों और युवाओं को रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख सराफा हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्क परिसर में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का मुख्य कार्यालय एवं सभागृह भी प्रस्तावित रहेगा।

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कमल सोनी ने बताया कि इस संबंध में उन्हें वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से जानकारी प्राप्त हुई, जिसके बाद उन्होंने दूरभाष पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन तथा सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल को धन्यवाद एवं आभार प्रेषित किया।
उन्होंने बताया कि आगामी जून माह में आयोजित होने वाले सराफा एसोसिएशन के “महा सम्मेलन” में राज्य सरकार का विशेष अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही सोमवार को सराफा एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात कर औपचारिक रूप से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी सहित छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के सराफा उद्योग के लिए नए युग की शुरुआत बताया है।

