एसएसपी भोजराम पटेल की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रभावी असर…!
ऑपरेशन बाज के तहत जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई 9 रसूखदार जुआरी गिरफ्तार…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अपनाई गई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लगातार प्रभावी साबित हो रही है। सामाजिक सुधार और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है।
खुड़िया थाना क्षेत्र के झिरिया महुआमाचा जंगल में संचालित हो रहे जुए के अड्डे पर साइबर सेल और खुड़िया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध दबिश देकर 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 53,500 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, 9 मोटरसाइकिलें तथा 52 पत्ती ताश सहित कुल 7 लाख 33 हजार 500 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की।

एसएसपी भोजराम पटेल के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में जुआ, सट्टा, नशा और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। इसी सोच के अनुरूप पुलिस लगातार अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि सार्वजनिक शांति और सामाजिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज करने के साथ ही बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल), सहायक उपनिरीक्षक माधव टांडिया (प्रभारी चौकी खुड़िया) सहित साइबर सेल एवं चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा समाज को अपराधमुक्त बनाने के उद्देश्य से ऑपरेशन बाज
के तहत ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

