महज आठ महीने में एक ही गाँव मे एक के बाद एक 8 लोगों की हुई रहस्यमय मौत…! पूरे क्षेत्र में फैली दहशत…!
बलौदा-{जनहित न्यूज़}
बलौदा बाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खरवे गांव में आठ महीने के भीतर एक के बाद एक 8 लोगों की रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया है। लगातार हुई इन मौतों से गांव में भय और शोक का माहौल है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद अब पुलिस, प्रशासन और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौतों के असली कारणों का पता लगाने के लिए कब्रें खोदकर शवों की जांच कर रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मृतकों की मौत सामान्य नहीं, बल्कि शराब में कथित रूप से जहरीला पदार्थ मिलाए जाने के कारण हुई है। इस आशंका को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण कुछ दिन पहले कसडोल थाना पहुंचे थे और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आवेदन सौंपा था।
ग्रामीणों के अनुसार बीते आठ महीनों में बद्री पटेल, बुटालु साहू, छत्तूराम साहू, बुदलू जायसवाल, विनोद साहू, गजानन मांझी, चैतु साहू और महेतरू साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। शिकायत में गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब में जहर मिलाने का संदेह जताया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

शनिवार को पुलिस, प्रशासन और एफएसएल की टीम गांव पहुंची। जांच के तहत दफन किए गए शवों को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम और टॉक्सिकोलॉजी जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। एक शव को बाहर निकालकर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है, जबकि अन्य मामलों में भी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब पीने के कुछ ही मिनटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़ जाती थी और कई मामलों में 10 से 15 मिनट के भीतर मौत हो जाती थी। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक और टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, वे आज भी इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं कि आखिर उनके अपनों की मौत के पीछे दुर्घटना, जहरीली शराब या कोई गहरी साजिश थी। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस दर्दनाक रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।

