विद्यार्थियों को सिखाए गए सड़क सुरक्षा के गुर नियमों के पालन की दिलाई गई शपथ…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) राम गोपाल करियारे, यातायात के वरिष्ठ सदस्य अशोक श्रीवास्तव तथा सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक उमाशंकर पाण्डेय उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने अतिथियों का ग्रीन बुके भेंटकर स्वागत करते हुए किया। इसके बाद सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

अपने संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम गोपाल करियारे ने कहा कि “जीवन अमूल्य है और इसकी सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय संकेतक बोर्डों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें तथा कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने परिवार और समाज के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक उमाशंकर पाण्डेय ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, शराब पीकर ड्राइविंग करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी अधिकांश दुर्घटनाओं की वजह बनती है।

उन्होंने कहा कि यदि छोटी-छोटी सावधानियों का पालन किया जाए तो अनेक दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है और अनमोल जीवन की रक्षा की जा सकती है।

इस अवसर पर उन्होंने सड़क सुरक्षा पर आधारित प्रेरणादायी चार पंक्तियों की कविता भी सुनाई, जिसे विद्यार्थियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अंत में सभी विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का सदैव पालन करने की सामूहिक शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ सहभागिता निभाई। यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।

