शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक सबसे ज्यादा हादसे, सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस का सघन अभियान जारी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए 2021 शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई, जबकि 1000 से अधिक वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में शहरभर में लगातार विशेष चेकिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाना, तेज एवं लापरवाही से ड्राइविंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग, स्टंटबाजी, हूटर एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी से अब तक मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 2021 मामलों को न्यायालय भेजा गया, जहां संबंधित वाहन चालकों पर अर्थदंड लगाया गया। वहीं आईटीएमएस (ITMS) के माध्यम से भी नियम तोड़ने वालों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई लगातार जारी है।
शाम 6 से रात 12 बजे तक सबसे संवेदनशील समय सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे के बीच सर्वाधिक दुर्घटनाएं होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

आदतन नियम तोड़ने वालों पर कड़ी नजर
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने और अन्य गंभीर उल्लंघनों के मामलों में लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। पिछले पांच महीनों में 1000 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।

यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय धैर्य, संयम और सतर्कता बरतें तथा हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का सबसे प्रभावी उपाय है।

