बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में शुक्रवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। निर्माणाधीन कॉलोनी में जेसीबी के विशाल टायर में हवा भरते समय अचानक हुए भीषण विस्फोट ने एक युवक की जान ले ली, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि टायर पर बैठे लोग 10 से 15 फीट तक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
यह हादसा चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट प्रोजेक्ट में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, पंचर होने के बाद जेसीबी के टायर की मरम्मत की जा रही थी। हवा भरने के दौरान कुछ लोग टायर के ऊपर बैठे थे, जबकि अन्य पास में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया।
देखे वीडियो…
विस्फोट की ताकत इतनी अधिक थी कि टायर का भारी लोहे का डिस्क 30 से 40 फीट दूर जाकर गिरा। हादसे में सीपत निवासी उमाकांत कौशिक (22) के सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह करीब 10 से 15 फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना में जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक और एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतक के चचेरे भाई डीलेंद्र कौशिक ने बताया कि टायर की मरम्मत के दौरान कई लोग उसके ऊपर बैठे हुए थे। अचानक हुए विस्फोट में उमाकांत दूर जाकर गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी।
यह हादसा भारी वाहनों के टायरों की मरम्मत के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता की एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।

