समय पर मिली पुलिस सहायता
से टला बड़ा हादसा…
एसएसपी भोजराम पटैल ने की टीम की सराहना…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़} मुंगेली जिले में डायल-112 पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय सेवा का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में संचालित डायल-112 सेवा ने सड़क दुर्घटना में घायल गर्भवती महिला और उसके पति की समय रहते जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशानुसार जिले में डायल-112 में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को किसी भी आपात सूचना पर तत्काल घटनास्थल पहुंचकर प्राथमिकता के आधार पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली एवं डायल-112 की नोडल अधिकारी सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में डायल-112 टीम लगातार संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।
19 अप्रैल 2025 की सुबह लगभग 10 बजे डायल-112 लोरमी क्षेत्र की टीम ग्राम धौंराभाठ से झाफल की ओर गश्त पर थी। इसी दौरान लोरमी-मुंगेली मुख्य मार्ग पर ग्राम झाफल तालाब के पास एक गर्भवती महिला और उसके पति सड़क दुर्घटना में घायल अवस्था में दर्द से कराहते हुए मिले। बिना किसी सूचना या कॉल का इंतजार किए डायल-112 में तैनात आरक्षक धर्मेन्द्र यादव (थाना लोरमी) एवं वाहन चालक चंद्रकुमार जायसवाल ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को डायल-112 वाहन से 50 बिस्तर अस्पताल, लोरमी पहुंचाकर भर्ती कराया।
अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा दोनों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। समय पर मिली पुलिस सहायता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। गर्भवती महिला एवं उसके पति ने डायल-112 पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता की सराहना की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने डायल-112 टीम के इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट की हर घड़ी में आमजन की मदद करना भी है।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर कॉल करें। आपकी एक सूचना समय पर राहत पहुंचाकर किसी की जान बचा सकती है।

