बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर में अपराधियों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने रविवार तड़के बड़ा अभियान चलाते हुए एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में दबिश दी। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से अपराधी तत्वों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान 85 संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जबकि 25 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर शहरभर में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों पर प्रभावी अंकुश लगाना था। सुबह-सुबह पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चिन्हित बदमाशों के घरों पर एक साथ दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान कुल 85 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर सत्यापन एवं पूछताछ की गई। जांच उपरांत 56 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 25 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

अभियान के दौरान 04 व्यक्तियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार भी बरामद किए गए। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी निगरानीशुदा बदमाशों और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, भय का माहौल बनाने, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई सहित अन्य सख्त कानूनी प्रावधानों का भी उपयोग किया जाएगा।
इस सघन अभियान के बाद शहर में अपराधियों के बीच भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।

