बिलासपुर- रायपुर हाईवे पर स्टंटबाजी युवक को पड़ी भारी वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कसा शिकंजा…आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने और रोमांच के चक्कर में युवा अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल रहे हैं। बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार क्रेटा कार में खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 की देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हिर्री माइंस के पास क्रेटा वाहन क्रमांक CG 10 BE 4400 में सवार युवक चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी कर रहा था। यह खतरनाक करतब न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता था।

मामले की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाना लाया। पूछताछ में चालक प्रशांत जायसवाल (21 वर्ष) निवासी पुराना बस स्टैंड, महुआ होटल के पास, बिलासपुर ने घटना को स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ पाने के लिए इस प्रकार के खतरनाक स्टंट न करें। सड़कें स्टंट दिखाने का मंच नहीं हैं। एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी छीन सकती है और परिवारों को हमेशा के लिए दर्द दे सकती है।
संदेश स्पष्ट है… स्टंट नहीं, सुरक्षा चुनें, क्योंकि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है।

