बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई तक जिलेभर में सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसकी विस्तृत रूपरेखा शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत की गई। इस दौरान सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।
प्रेस वार्ता को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह एवं छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।
रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि “सहकार से समृद्धि” के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का व्यापक जनजागरण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार पृथक सहकारिता मंत्रालय का गठन कर सहकारी आंदोलन को नई दिशा, नई पहचान और नई गति मिली है। आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ सहकारिता को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। इन प्रयासों से सहकारिता क्षेत्र में नई ऊर्जा और विश्वास का वातावरण बना है।

श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारिता को ग्रामीण विकास और किसानों की समृद्धि का प्रभावी माध्यम मानते हुए विभिन्न योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। वहीं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता, हितधारकों की सहभागिता, सदस्यता विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देना है।
सहकारिता सप्ताह के प्रमुख कार्यक्रम:–
29 जून प्राथमिक कृषि साख समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान तथा दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से आय वृद्धि पर परिचर्चा।
2 जुलाई मॉडल साख समितियों का भ्रमण, माइक्रो एटीएम एवं रुपे कार्ड का वितरण।
3 जुलाई वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान, सहकारी समाचार पत्रों का प्रचार-प्रसार तथा सहकार संकल्प दौड़” का आयोजन।
4 जुलाई जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर तथा सहकारिता विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता।
5 जुलाई राज्य के आकांक्षी जिलों में विशेष सदस्यता अभियान।
6 जुलाई आईएफसी के लिए चिन्हित PACS गोदामों का भूमिपूजन।
प्रेस वार्ता में जिला सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मोहित जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष (शहर) दीपक सिंह, मीडिया संयोजक प्रणव शर्मा समदरिया, जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, शैलू गोरख, यश देवांगन सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

