एसटीपी निर्माण में सुस्ती पर निगम का बड़ा एक्शन…!
41 लाख की पेनाल्टी के बाद अब ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने दी चेतावनी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में लापरवाही अब ठेकेदारों पर भारी पड़ने लगी है। मंगला स्थित 10 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण में लगातार हो रही देरी पर निगम कमिश्नर एवं स्मार्ट सिटी के एमडी प्रकाश कुमार सर्वे ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित ठेका कंपनी मेसर्स श्रद्धा कंस्ट्रक्शन को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय में निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो कंपनी पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त पेनाल्टी लगाने के साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को एमडी प्रकाश कुमार सर्वे ने स्मार्ट सिटी के विभिन्न निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने मंगला में निर्माणाधीन 10 एमएलडी एसटीपी का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मंगला में 6 एमएलडी और 10 एमएलडी क्षमता के दो एसटीपी बनाए जा रहे हैं। इनमें 6 एमएलडी एसटीपी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि 10 एमएलडी एसटीपी का कार्य अब भी अधूरा है। निर्माण में देरी के कारण पहले 6 एमएलडी एसटीपी पर 26 लाख रुपये तथा 10 एमएलडी एसटीपी पर 41 लाख रुपये की पेनाल्टी पहले ही लगाई जा चुकी है।

निरीक्षण के दौरान एमडी ने कोनी स्थित कन्वेंशन सेंटर का भी जायजा लिया। यहां ऑडिटोरियम में चेयर इंस्टॉलेशन, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग सहित शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड में बन रही ऑटोमेटेड शटल टाइप मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने मंगला और कोनी की निर्माणाधीन सड़कों का भी निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों और एजेंसियों को दिए।
कमिश्नर का साफ संदेश है कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

