संयुक्त अभियान में 45 निर्माण हटाए गए…!
हाईवे को किया गया अतिक्रमण मुक्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, एनएचएआई, स्थानीय थाना पुलिस एवं नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर किए गए 45 अवैध निर्माणों को हटाकर हाईवे को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य नेशनल हाईवे पर सुरक्षित, सुगम और बाधारहित आवागमन सुनिश्चित करना है।

इसके तहत वाहन चालकों, सहचालकों तथा हाईवे किनारे संचालित होटल, ढाबा, पेट्रोल पंप, पंचर दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लगातार यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

यातायात पुलिस द्वारा हाईवे पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध भी लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हाईवे की भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों और अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

संयुक्त टीम ने बताया कि हाईवे किनारे कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए अवैध निर्माण कर रखा था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अब तक 45 अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष अतिक्रमणों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस ने हाईवे किनारे संचालित सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


