रिश्वत के कथित वीडियो वायरल होने पर सहायक कार्यालय अधीक्षक राजेश देवांगन को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] व्यापार विहार भू-आवंटन प्रकरण में कथित रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों में वायरल होने के बाद नगर पालिक निगम बिलासपुर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने सहायक कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, व्यापार विहार भू-आवंटन मामले में श्री देवांगन द्वारा सोशल मीडिया पर दिए गए वक्तव्य, विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रसारित समाचार तथा रिश्वत जैसे गंभीर कदाचार से संबंधित बातचीत के वीडियो सार्वजनिक होने से नगर निगम की छवि प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुई है। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम को अत्यंत गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की है।
निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत राजेश कुमार देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय (विकास भवन), नगर पालिक निगम बिलासपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें प्रचलित नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई को प्रशासन द्वारा भ्रष्टाचार एवं अनुशासनहीनता के मामलों में अपनाई जा रही रूप में देखा जा रहा है।

