प्रथम हॉस्पिटल की विश्वसनीय चिकित्सा सेवाएं अब ग्रामीणों के घर-द्वार तक पहुँची निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ो की संख्या में उमड़े तकलीफ़ से जूझ रहे ग्रामीण…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बेलगहना क्षेत्र के स्वास्थ्य परिदृश्य में रविवार का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया, जब चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में अपनी विश्वसनीय पहचान बना चुके प्रथम हॉस्पिटल, बिलासपुर ने सेवा विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए ‘प्रथम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बेलगहना’ का शुभारंभ किया। पूज्य सिद्ध बाबा शिवानंद जी महाराज के पावन कर कमलों से केंद्र का विधिवत उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर में बेलगहना सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।

नव स्थापित स्वास्थ्य केन्द्र के शुभारंभ के साथ ही अब बेलगहना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रथम हॉस्पिटल, बिलासपुर की विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी। इससे छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार और प्राथमिक चिकित्सा के लिए लोगों की बड़े शहरों पर निर्भरता काफी हद तक कम होगी।

शुभारंभ समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी और समय की आवश्यकता बताया।

इस अवसर पर प्रथम हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. रजनीश पांडेय ने कहा कि बेलगहना में इस प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के लोगों तक शहर जैसी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रथम हॉस्पिटल हमेशा से मरीजों के विश्वास और बेहतर उपचार के लिए जाना जाता रहा है और अब यही भरोसा बेलगहना के लोगों को भी अपने घर के पास मिलेगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराएं तथा केंद्र में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि प्रत्येक परिवार स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़े जनसैलाब और लोगों के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में लंबे समय से विश्वसनीय एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे प्रथम हॉस्पिटल ने अपने इस नए स्वास्थ्य केन्द्र के माध्यम से सार्थक रूप दिया है।

यह पहल निश्चित रूप से बेलगहना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नई उम्मीद और बड़ी सौगात साबित होगी।

