मुंगेली पुलिस की बड़ी कामयाबी हुई दर्ज…!
चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा… नाबालिक सहित दो आरोपी…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले में एसएसपी भोजराम पटेल की जीरो टॉलरेंस नीति का असर अब पुलिसिंग में साफ दिखाई देने लगा है। संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों के बीच सिटी कोतवाली पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का खुलासा कर 11 नग सोने के लॉकेट और ₹2,000 नकद बरामद कर लिए। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

प्रार्थी मनीष अनंत, निवासी फंदवानीकांपा ने 1 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून को बाजार से लौटने के बाद घर की आलमारी में रखे 11 सोने के लॉकेट और ₹2,000 नकद गायब मिले। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक से उसके पिता की मौजूदगी में पूछताछ की। बालक ने स्वीकार किया कि उसने चाचा के घर की आलमारी से चाबी निकालकर लॉकर में रखे सोने के लॉकेट और नकदी चोरी की तथा लॉकेट गांव के हेमंत अनंत के पास रखवा दिए। उसकी निशानदेही पर नकदी बरामद कर ली गई।

इसके बाद पुलिस ने हेमंत अनंत (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी के सोने के लॉकेट अपने पास रखना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर 11 नग सोने के लॉकेट बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक पारख साहू तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।
अपराधियों में बढ़ा खौफ, हर थाने की बढ़ी जवाबदेही
एसएसपी भोजराम पटेल की जीरो टॉलरेंस नीति के चलते मुंगेली जिले में पुलिसिंग और अधिक सक्रिय व जवाबदेह हुई है। हर थाना संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित खुलासे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है, जिससे अपराधियों के हौसले पस्त होते नजर आ रहे हैं।

