ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क हुआ ध्वस्त…!
सट्टा साम्राज्य पर पुलिस का तगड़ा प्रहार…!
तोरवा पुलिस व एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पुलिस ने जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित ‘सट्टा किंग’ किशन चंद बजाज सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। तोरवा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने साईंधाम कॉलोनी स्थित ठिकाने पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथ मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर का चर्चित सट्टा संचालक किशन चंद बजाज अपने घर से बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चला रहा है। सूचना के आधार पर 6 जुलाई को तोरवा पुलिस एवं एसीसीयू ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान किशन चंद बजाज (66), दिनेश कुमार वाधवानी (39), भैयालाल सोनकर (39) और मनोहर लाल खत्री (63) को ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी ₹50,690 नकद
7 टच स्क्रीन मोबाइल
4 कीपैड मोबाइल
1 प्रिंटर
स्कॉर्पियो वाहन (CG 04 PW 3311)
मोटरसाइकिल (CG 11 CD 0570)
पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 तथा बीएनएस की धारा 112 (संगठित अपराध) के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई को बिलासपुर में ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा और जुए के नेटवर्क के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

