सरगना किशन चंद के बाद 4 और आदतन सटोरिए गिरफ्तार…!
तोरवा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर में अवैध सट्टा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सट्टा सिंडिकेट के सरगना किशन चंद को जेल भेजने के अगले ही दिन तोरवा पुलिस ने सट्टा नेटवर्क से जुड़े चार और आदतन सटोरियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह में हड़कंप मचा दिया। लगातार हो रही छापेमार कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध जुआ-सट्टा और संगठित सट्टेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में तोरवा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
किशन चंद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विवेचना को आगे बढ़ाते हुए सट्टा नेटवर्क से जुड़े चार अन्य आदतन सटोरियों को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी लंबे समय से अवैध सट्टा कारोबार में सक्रिय थे और इनके खिलाफ पहले भी जुआ-सट्टा के कई मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन जब्त किए। प्रारंभिक जांच में संगठित तरीके से सट्टा संचालन के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 तथा धारा 112 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी:-
दीपक रामनानी (53 वर्ष) धान मंडी के पास, थाना तोरवा।
अजहर जुननानी (50 वर्ष) करबला चौक, थाना सिटी कोतवाली।
सुधीर बोले (56 वर्ष) दयालबंद, गुरुनानक चौक, थाना तोरवा।
शुभम पांडे (30 वर्ष) तेलीपारा, थाना सिटी कोतवाली।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जनहित न्यूज़ की विशेष पड़ताल..!
तोरवा पुलिस की लगातार कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहे हैं कि बिलासपुर में सक्रिय सट्टा नेटवर्क पर पुलिस ने अब सीधा प्रहार शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

