सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स के तहत नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अब वैज्ञानिक तरीके से होगा गीले-सूखे कचरे का प्रबंधन…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम ने शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को नई दिशा देते हुए 16 प्रमुख होटलों को ‘बल्क वेस्ट जेनरेटर (BWG)’ के रूप में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के केंद्रीकृत ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत कराया है। इससे पहले 7 अन्य संस्थानों का भी पंजीयन किया जा चुका है। यह पहल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में नगर निगम का बड़ा कदम मानी जा रही है।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में वैज्ञानिक, व्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल कचरा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करना है। पंजीयन के बाद संबंधित होटल अपने यहां प्रतिदिन निकलने वाले गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
नगर निगम द्वारा जिन 16 होटलों का पंजीयन कराया गया है, उनमें होटल ग्रैंड अंबा, होटल एमरल्ड, होटल राजा, हेवन्स पार्क होटल, होटल अजीत, होटल शारदा, होटल सूर्या, होटल जीत कॉन्टिनेंटल, होटल रीगल, होटल सेंट्रल पॉइंट, होटल आनंद, रसोई इन (वेज), दावत-ए-दिल्ली, मयूर साउथ कैफे, होटल इंटरसिटी और होटल रेड डायमंड शामिल हैं।

नगर निगम ने बताया कि आगामी चरणों में शहर के सभी पात्र होटल, रेस्टोरेंट, विवाह भवन, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान तथा अन्य बड़े कचरा उत्पादकों का भी केंद्रीय SWM पोर्टल पर पंजीयन कराया जाएगा। साथ ही उन्हें स्रोत पर कचरा पृथक्करण, जैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन और नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नगर निगम ने सभी पात्र बल्क वेस्ट जेनरेटरों से अपील की है कि वे समय पर अपना पंजीयन कराकर ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि बिलासपुर को स्वच्छ, सुंदर और सतत विकास की दिशा में अग्रणी शहर बनाया जा सके।

