शराब पीकर पहुंचने से उत्पन्न हुआ विवाद ने लिया खूनी रूप…तीनो आरोपियों को कोटा पुलिस ने रिमांड पर भेजा…!
बिलासपुर/कोटा-(जनहित न्यूज़) कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम कसईबहरा में छठी कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में पहुंचे एक युवक की तीन युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपियों ने युवक को लात-घूंसों और मुक्कों से पीटने के बाद करीब 60 से 65 मीटर तक सीसी रोड पर घसीटा और घर के पास फेंककर फरार हो गए। गंभीर अंदरूनी चोटों के चलते युवक की रात में मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मृतक की पहचान अमर सिंह पेन्द्रो के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित पोर्ते (30), दीपक पोर्ते (23) और प्रदीप वाकरे (21) शामिल हैं। तीनों कसईबहरा गांव के निवासी हैं।
शराब पीकर पहुंचा विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की शाम मोतीलाल पोर्ते के घर छठी कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान अमर सिंह पेन्द्रो भी वहां पहुंचा। आरोप है कि वह नशे की हालत में था। कार्यक्रम में मौजूद रोहित, दीपक और प्रदीप ने उसे वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन बात बढ़ते-बढ़ते हिंसक झगड़े में बदल गई।
तीनों आरोपियों ने एक राय होकर अमर सिंह पर हमला बोल दिया और उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पत्नी की गुहार से भी नहीं पसीजा दिल:-
मारपीट के दौरान अमर सिंह की पत्नी चंद्रकली बीच-बचाव के लिए पहुंची। उसने हाथ जोड़कर आरोपियों से पति को छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी और हमला जारी रखा।
आधी रात फिर पहुंचे 65 मीटर तक सड़क पर घसीटा
पुलिस जांच में सामने आया कि रात करीब 12 बजे आरोपी दोबारा पहुंचे और यह कहते हुए कि यह अभी तक कार्यक्रम से नहीं गया अमर सिंह को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद उसे करीब 60 से 65 मीटर तक सीसी रोड पर घसीटते हुए घर के पास छोड़ दिया। इस दौरान उसके कूल्हे, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
सुबह परिवार को बताई आपबीती, रात में हो गई मौत:-
घायल अमर सिंह किसी तरह घर पहुंचा और सुबह पत्नी, बेटे और बेटी को पूरी घटना बताई। दर्द से कराहते हुए वह आराम करने चला गया। रात करीब 9 बजे जब परिजन उसे खाने के लिए उठाने पहुंचे तो वह मृत मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी फैल गई।
112 की सूचना पर पहुंची पुलिस, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य।
8 जुलाई की रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के भीतर अमर सिंह का शव मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) माधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में एफएसएल टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण किया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई।

पूछताछ में तीनों ने कबूला जुर्म:-
संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान वारदात स्वीकार कर ली। गवाहों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, जब्ती और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर 10 जुलाई को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका:-
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर, आरक्षक संजय कश्यप, रवि कुमार कंवर, रवि कुमार यादव तथा एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

