एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं सुनी फरियाद 8 मामलों में तत्काल FIR के निर्देश कहा… जनता को त्वरित न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में बिलासपुर पुलिस ने गुरुवार को एक सराहनीय पहल करते हुए बिलासगुड़ी स्थित चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले भर से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को बड़ी राहत दी गई।

शिविर में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का तत्काल निराकरण कर दिया गया। वहीं गंभीर प्रकृति के 8 मामलों में मौके पर ही एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिए गए, ताकि पीड़ितों को बिना विलंब न्याय मिल सके। शिविर में प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड, लेन-देन में धोखाधड़ी तथा महिला संबंधी मामलों से जुड़ी थीं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

थानों से मिलीं सबसे अधिक शिकायतें
महिला थाना से 8, कोतवाली से 7, सिरगिट्टी से 4, कोनी, रतनपुर एवं तोरवा से 3-3, जबकि सिविल लाइन, सरकंडा, तखतपुर, चकरभाठा, सीपत और मस्तूरी थाना क्षेत्र से 2-2 शिकायतें प्राप्त हुईं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिला स्तरीय शिकायत निवारण शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें बार-बार थानों के चक्कर लगाने से बचाना है।

उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही पुलिस का पहला धर्म है और भविष्य में भी ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में पहुंचे फरियादियों ने बिलासपुर पुलिस की इस जनहितैषी पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे आम जनता के लिए राहत देने वाला प्रयास बताया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) श्रीमती रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, एसडीओपी कोटा, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

