बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने संगठनात्मक विस्तार और नगरीय निकायों में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में अहम निर्णय लेते हुए बिलासपुर के युवा भाजपा नेता अनमोल झा को सरगुजा संभाग नगरीय निकाय प्रकोष्ठ का संभाग प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति के बाद बिलासपुर सहित पूरे सरगुजा संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन में सक्रिय और ऊर्जावान कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखने वाले अनमोल झा इससे पहले भी भाजपा युवा मोर्चा सहित संगठन के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली और कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय को देखते हुए पार्टी ने एक बार फिर उन पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का भरोसा जताया है।
प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि अनमोल झा के नेतृत्व में सरगुजा संभाग के नगरीय निकायों में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी विस्तार होगा।
अपनी नियुक्ति पर अनमोल झा ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जवाबदेही के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और नगरीय निकायों में भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
इस नियुक्ति को भाजपा संगठन में युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

