शहर के साथ औद्योगिक क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पहले से अधिक होगी सुचारू…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर और तिफरा-सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहतभरी खबर है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड ने तिफरा स्थित 132/33 केवी उपकेंद्र में 40 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी है। इससे शहर और औद्योगिक क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत और भरोसेमंद हो जाएगी।
अब तक उपकेंद्र का एक 40 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति केवल तीन ट्रांसफार्मरों के सहारे संचालित हो रही थी। खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने के बाद उपकेंद्र में फिर से चारों ट्रांसफार्मर पूरी क्षमता के साथ कार्य करने लगे हैं। इससे ओवरलोड की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध तथा गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
करीब 4.30 करोड़ रुपये की लागत से लगाए गए इस नए ट्रांसफार्मर का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक (उपकेंद्र) श्रीमती कल्पना घाटे एवं कार्यपालक निदेशक (बिलासपुर क्षेत्र) ए.के. अम्बस्थ ने स्विच दबाकर किया। इस अवसर पर श्रीमती कल्पना घाटे ने कहा कि नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से बिलासपुर शहर और तिफरा-सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली, स्थिर और बिना रुकावट बिजली उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में अति. मुख्य अभियंता सतीश कुमार दुबे, अधीक्षण अभियंता गौतम केनार, रवि चंद्राकर, कार्यपालन अभियंता जी.आर. जायसवाल, आरती मधु कुजूर, तामेश्वर सिंह, योगेश्वर सिन्हा, अनिल सैनी, सहायक अभियंता वीणा ध्रुव, बजरंग विश्वकर्मा सहित उपकेंद्र एमआरटी एवं सिविल संभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से आने वाले समय में बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय होगी, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

