सड़क दुर्घटना में वाहन में फंसे घायलों को मिनटों में निकालने की तैयारी पुलिस अधिकारियों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दिया गया विशेष प्रशिक्षण…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। अब जिले में किसी भी गंभीर सड़क हादसे के दौरान वाहन में फंसे घायलों को सुरक्षित और तेजी से बाहर निकालने के लिए बैटरी संचालित अत्याधुनिक मोबाइल मल्टीपर्पस हाइड्रोलिक रेस्क्यू टूल्स का उपयोग किया जाएगा। इन आधुनिक उपकरणों के संचालन और आपातकालीन रेस्क्यू तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, हाईवे पेट्रोलिंग और यातायात बल को दिया गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में गोल्डन ऑवर के दौरान त्वरित रेस्क्यू कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को कटर मशीन, स्प्रेडर, रेस्क्यू रैम सेट, स्ट्रॉन्ग आर्म, ग्लास मैनेजमेंट इक्विपमेंट सहित अन्य आधुनिक उपकरणों के सुरक्षित संचालन और उनकी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) की जानकारी दी गई। डेमो के माध्यम से बताया गया कि किसी दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे चालक या यात्रियों को बिना अतिरिक्त नुकसान पहुंचाए किस प्रकार सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

यातायात पुलिस ने बताया कि जिले में पहले से ही हाईवे पेट्रोलिंग के माध्यम से 24×7 निगरानी की जा रही है। वहीं इंटरसेप्टर वाहनों के जरिए निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर ऑनलाइन कार्रवाई भी लगातार जारी है। अब इन अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के जुड़ने से दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य और अधिक प्रभावी होगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी सड़क दुर्घटना होने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या निकटतम थाना को सूचना दें, ताकि हाईवे पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करा सके।

