पीड़िता का सांकेतिक भाषा में लिया बयान जुटाये साक्ष्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली महिला अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए मुंगेली पुलिस ने मूकबधिर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में लोरमी थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए पूरे मामले की तेजी से जांच पूरी की।
पुलिस के अनुसार, लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम अमलडीही निवासी एक महिला ने 9 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन सुबह करीब 8:30 बजे उसकी मूकबधिर एवं दिव्यांग बेटी घर के आंगन में बैठी थी। इसी दौरान गांव का निवासी दीपक पटेल घर में घुसा, लोहे का गेट अंदर से बंद कर युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता बोल नहीं सकती, दोनों हाथ-पैरों से दिव्यांग है, लेकिन सुन और समझ सकती है तथा इशारों से संवाद करती है।
शिकायत के आधार पर थाना लोरमी में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने विशेष शिक्षिका की सहायता से सत्य साईं हेल्प एवं मूकबधिर आवासीय विद्यालय, मुंगेली में पीड़िता का सांकेतिक भाषा के माध्यम से बयान दर्ज कराया। इसके बाद पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।

जांच के दौरान आरोपी दीपक पटेल (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमलडीही, थाना लोरमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 10 जुलाई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर 11 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, पीएसआई सीमा, पीएसआई सतेंद्र, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमारी यादव, उमेंद गोयल, आरक्षक युगल किशोर, देवीचंद नवरंग, रेखराम नेताम, सुनील भास्कर, कवि टोप्पो एवं राजू साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिला अपराधों पर एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों और उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के अनुसार कठोर दंड दिलाने के लिए मुंगेली पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

