आपकी सतर्कता ही बचा सकती है किसी की जिंदगी…!
अतिरिक्त एसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने किट टी-शर्ट और कैप किये वितरित…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने की दिशा में यातायात पुलिस बिलासपुर ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए चेतना यातायात मितान अभियान की शुरुआत की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जिले के चयनित 120 चेतना यातायात मितानों को सड़क सुरक्षा किट टी-शर्ट और कैप वितरित किए गए, ताकि वे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यशाला में मितानों को यातायात नियमों, सड़क दुर्घटना के दौरान गोल्डन ऑवर में घायल की सहायता, प्राथमिक उपचार, त्वरित रेस्क्यू, हिट एंड रन मामलों में मिलने वाली क्षतिपूर्ति तथा राहगीर योजना और प्रधानमंत्री राहत योजना जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही आई-रेड, ई-डार और आईटीएमएस प्रणाली की भी विस्तृत जानकारी विशेषज्ञों द्वारा साझा की गई।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड के कार्यक्रम अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया, ताकि वे स्कूलों में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन के प्रति जागरूक कर सकें।

इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और दुर्घटना के समय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल की मदद करें, तो अनेक अनमोल जानें बचाई जा सकती हैं।

कार्यक्रम में डीएसपी शिवचरण परिहार, आरआई भूपेंद्र गुप्ता, आईटीएमएस से वाई. निवास, एनआईसी से समीर चंद्राकर, सेवानिवृत्त उप निरीक्षक उमाशंकर पांडेय, शिक्षक मुकुल शर्मा, स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी, सड़क सुरक्षा समिति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित 300 से अधिक लोग उपस्थित रहे।

जनहित संदेश:-
याद रखें एक छोटी-सी लापरवाही पूरी जिंदगी बदल सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं। आपकी सतर्कता किसी की जिंदगी बचा सकती है।

