इंस्टाग्राम पर महिला-बाल संबंधी आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
सोशल मीडिया के माध्यम से महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भारत सरकार के एनसीसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) से प्राप्त साइबर टिपलाइन शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच कर आरोपी की पहचान की और उसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष अरोड़ा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को गृह मंत्रालय के एनसीसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें इंस्टाग्राम पर महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने की सूचना दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण एवं सत्यापन किया। जांच में आरोपी की पहचान विक्रम बघेल (25 वर्ष), निवासी पंडरभट्टा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली के रूप में हुई।
मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत धारा 67(ए), 67(बी) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा धारा 15 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से संबंधित जानकारी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 28 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर 29 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। महिला एवं बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, अश्लील अथवा अवैध सामग्री का प्रसारण, संग्रहण या साझा करना गंभीर दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरीक्षक हरीश साहू, आरक्षक अजय चंद्राकर, योगेश यादव एवं दुर्गेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

