24 घंटे में सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी…सीपत पुलिस की कार्रवाई…!
‘सीन ऑफ क्राइम’ टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
सीपत पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी महिला के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। घटना के दिन दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गला घोंटने से युवक की मौत हो गई।
थाना सीपत से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर के कोला-बाड़ी में पीठ के बल मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कराया। जिला मुख्यालय बिलासपुर की ‘सीन ऑफ क्राइम’ टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक चंद्रप्रकाश पटेल का ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30) के साथ अवैध संबंध था और घटना वाले दिन वह मृतक के घर आई थी। दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने संदेही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसकी चंद्रप्रकाश से पिछले दो वर्षों से जान-पहचान थी और दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। घटना वाले दिन वह अपनी स्कूटी क्रमांक CG-18-A-2182 से मृतक के घर पहुंची थी। उस समय चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था और उसे गाली-गलौज करते हुए चरित्र पर संदेह जता रहा था। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप के अनुसार, मृतक ने उसका गला दबाने की कोशिश की, जिसके बाद बचाव में उसने भी चंद्रप्रकाश का गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को कोला-बाड़ी में छोड़कर मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या का यह मामला 24 घंटे के भीतर सुलझ गया।

