बिलासपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का हुआ ऐतिहासिक स्वागत…!
बोले…विकास को मिलेगी नई रफ्तार…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद शुक्रवार को दिल्ली से बिलासपुर पहुंचे भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू का भाजपा जिला बिलासपुर शहर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। रेल परियोजना की स्वीकृति को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह रेल परियोजना छत्तीसगढ़ के अनेक क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी, जिससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि यह रेल परियोजना क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसकी स्वीकृति से लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतर रही है।

स्वागत समारोह में भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का अभिनंदन करते हुए कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को बिलासपुर और पूरे क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, चंदना गोस्वामी, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, शैलेन्द्र यादव, लक्ष्मीनारायण कश्यप, देवेन्द्र पाठक, शेखर पाल, विजय ताम्रकार, नितिन पटेल, कार्तिक यादव, राजेश रजक, केतन वर्मा, राजकमल कश्यप, महर्षि बाजपेयी, निलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

