युवती को उसके परिवार और छोटे बच्चों की हत्या व दुर्घटना कराने की धमकी देकर किया ब्लैकमेल…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सरकंडा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और धमकी देकर लाखों रुपये तथा भारी मात्रा में सोने के जेवरात हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवती को उसके परिवार और छोटे बच्चों की हत्या व दुर्घटना कराने की धमकी देकर करीब 14.50 लाख रुपये नकद एवं ऑनलाइन और लगभग 450 ग्राम सोने के आभूषण हड़प लिए थे। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक्टिवा जब्त की है। गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
थाना सरकंडा में दर्ज शिकायत के अनुसार, राजीव विहार निवासी एक बुजुर्ग ने बताया कि अस्वस्थता के कारण उन्होंने अपने घरेलू कार्य, बैंक लेन-देन और लॉकर की जिम्मेदारी अपनी नातिन को सौंप रखी थी। इसी दौरान जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने युवती को उसके परिवार तथा छोटे बच्चों को जान से मारने और दुर्घटना कराने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। भय और दबाव के चलते आरोपियों ने एसबीआई एवं सहकारी बैंक खातों से एटीएम और फोनपे के माध्यम से किश्तों में 14.50 लाख रुपये अपने कब्जे में ले लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवती को आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के हार, चेन, अंगूठियां, झुमके, टीका सहित अन्य आभूषण भी हड़प लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आयुष यादव (22), आदर्श शर्मा (19), प्रिंस साहू (18) और आदित्य पांडे (19) शामिल हैं। सभी आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले के फरार आरोपी प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराध पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

