मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस की डायल-112 टीम ने एक बार फिर संवेदनशील पुलिसिंग और मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सर्पदंश से पीड़ित युवक को समय रहते जिला अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। त्वरित कार्रवाई के चलते पीड़ित को समय पर उपचार मिल सका।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में संचालित डायल-112 सेवा लगातार आपातकालीन पुलिस सहायता के साथ-साथ जरूरतमंद नागरिकों की मदद के लिए भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की रात करीब 9:21 बजे डायल-112 टीम में पदस्थ आरक्षक उमेश मानिकपुरी (क्रमांक 353) एवं चालक लोचन यादव को थाना से सूचना मिली कि सेतगंगा स्वास्थ्य केंद्र में सर्पदंश से पीड़ित एक व्यक्ति को लाया गया है। सूचना मिलते ही टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और पीड़ित कोमल साहू, पिता धनेश साहू, निवासी भूमियापारा, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली को सुरक्षित रूप से डायल-112 वाहन में जिला अस्पताल मुंगेली पहुंचाया।
समय पर अस्पताल पहुंचने से पीड़ित को तत्काल चिकित्सकीय उपचार मिल सका। पुलिस की इस त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए डायल-112 टीम की संवेदनशीलता की प्रशंसा की।
मुंगेली पुलिस ने कहा कि डायल-112 केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की हर घड़ी में नागरिकों की सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस सेवा का उद्देश्य केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा भी है।

