10.5 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार 3.67 लाख का माल जब्त…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पथरिया क्षेत्र से 10 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ पांच अंतरजिला गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹2 लाख मूल्य का गांजा, तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹3.67 लाख आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना पथरिया की संयुक्त टीम ने 1 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर ग्राम रोहरा कला मेन रोड में घेराबंदी की।
पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.5 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल वर्मा (21), अजय श्रीवास उर्फ टेकल (23), दिनेश बंसल उर्फ पाडे (20), ओमप्रकाश उर्फ गोलू (20) एवं समीर खान (20) के रूप में हुई।

पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। आरोपियों को 2 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, थाना प्रभारी गिरजाशंकर यादव सहित साइबर सेल एवं थाना पथरिया की संयुक्त टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन बाज आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

