महिला की जान लेने वाला कार चालक वाहन सहित अम्बिकापुर से गिरफ्तार…!
मुंगेली-जरहागांव {जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने वाली सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चालक ने तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए जानबूझकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी।
पुलिस के अनुसार, पंडरिया के शिक्षकनगर निवासी विश्वनाथ बसोर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। घटना 1 अगस्त 2026 की है, जब किरण बसोर अपनी साथी के साथ ग्राम हरदी में शादी समारोह के ऑर्डर का काम पूरा कर लौट रही थीं। ग्राम बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय आने के कारण उन्होंने अपनी एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार (सीजी 15 डीएन 3866), जिस पर “CMO (UAD) CG Government” लिखा था, गलत दिशा से तेज गति में आई और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर और मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि चालक ने जानबूझकर और अत्यंत लापरवाही से वाहन चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी अमरेश सिंह (58 वर्ष) निवासी महेश्वर कॉलोनी, गांधीनगर, अंबिकापुर को गिरफ्तार कर दुर्घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 105 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शोभा यादव, प्रधान आरक्षक नवीन कुमार जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक लखीराम नेताम, आरक्षक उमेश सोनवानी एवं रामचंद्र जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

