प्रतिबंधित दवाइयों के दो तस्कर दबोचे…
20 किलो गांजा जब्ती का भी फरार सप्लायर उड़ीसा से गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी और त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पूर्व में 20 किलोग्राम गांजा बरामदगी के चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को भी उड़ीसा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरपा बैराज एवं पचरी घाट क्षेत्र में दो युवक अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी विनोद साहू के कब्जे से 50 नग Nitrazepam (Nitrosun) टैबलेट तथा विशाल कुमार बुनकर के पास से 23 नग Onerex कफ सिरप बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने पूर्व में दर्ज 20 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में फरार चल रहे उड़ीसा निवासी गांजा सप्लायर अजीत थनापति उर्फ भोला को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर पुलिस केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि एंड-टू-एंड विवेचना के माध्यम से पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है। इसके तहत तस्करों के आर्थिक लेन-देन, अवैध अर्जित संपत्ति और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके पूरे नेटवर्क पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

