सरकंडा पुलिस की तत्परता से गिरोह हुआ बेनकाब…
महज 72 घंटे में महिला व खरीददारों सहित
9 आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सरकंडा थाना पुलिस ने नाबालिग
बच्ची को डरा-धमकाकर उससे लाखों रुपये और सोने के जेवर हड़पने वाले चर्चित भयादोहन प्रकरण का बड़ा खुलासा करते हुए महिला सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भयादोहन से प्राप्त सोने के जेवरात और नकद राशि बरामद करने के साथ ही अवैध रूप से जेवर खरीदने वाले खरीददारों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र के राजीव विहार निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2025 से 1 जुलाई 2026 के बीच उनकी नाबालिग नातिन को लगातार डराया-धमकाया गया। आरोपियों ने उसके परिजनों की हत्या करने की धमकी देकर उससे करीब 14.50 लाख रुपये नकद तथा लगभग 450 ग्राम सोने के जेवरात अपने कब्जे में ले लिए। शिकायत के आधार पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1122/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 अगस्त को आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में प्रियम शर्मा, आकाश झा और शौर्य करोलिया सहित अन्य आरोपियों तथा जेवर खरीदने वालों की भूमिका सामने आई।
लगातार 72 घंटे तक चली छापेमार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी उर्फ राजू और खुशबू बुधिया को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से भयादोहन के माध्यम से हासिल किए गए सोने के जेवरात एवं नकद राशि बरामद की गई।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चर्चित मामले का खुलासा होने के साथ ही भयादोहन में शामिल पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

