तीन शातिर ठगों ने महिला को ऑटो में बैठाकर पानी पिलाया जेवरों को कपड़े में बांधकर हुए रफ़ूचक्कर…!
CCTV में कैद हुई वारदात पुलिस जांच में जुटी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में ठगों ने एक बार फिर अपनी शातिर चाल से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दे दी है। इस बार निशाना बनीं 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला, जिन्हें सुरक्षा का झांसा देकर तीन बदमाशों ने करीब दो लाख रुपये के सोने के जेवरों से चंद मिनटों में ठग लिया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी 3 अगस्त की शाम रोज की तरह सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। नेहरू चौक के पास ऑटो में बैठे दो युवकों ने बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने उनसे बातचीत शुरू की। कुछ ही देर में एक तीसरा युवक भी वहां पहुंचा और तीनों ने मिलकर महिला का विश्वास जीत लिया।
बदमाशों ने महिला को बताया कि शहर में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं, इसलिए खुले में सोने के जेवर पहनना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने महिला को ऑटो में बैठाकर पानी पिलाया और जेवरों को कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। भरोसे में आई महिला ने हाथ का सोने का कंगन और अंगूठी उन्हें सौंप दी।
देखे वीडियो…
आरोपियों ने जेवर बांधने का नाटक किया और असली जेवर निकालकर महिला को कागज की पोटली थमा दी। कुछ दूर ले जाकर उसे ऑटो से उतार दिया और मौके से फरार हो गए। घर पहुंचकर पोटली खोलने पर महिला को ठगी का पता चला।
परिजनों ने बताया कि महिला के एक हाथ में सूजन होने के कारण दूसरा सोने का कंगन नहीं निकल पाया, जिससे आरोपी अधिक जेवर ले जाने में सफल नहीं हो सके। पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम में ऑटो चालक की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक महिला से बातचीत करते और उन्हें झांसे में लेते दिखाई दे रहे हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
जनहित संदेश : रहें सावधान, रहें सुरक्षित
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी अनजान व्यक्ति यदि सुरक्षा, बैंक, पुलिस या किसी अन्य बहाने से आपके जेवर या कीमती सामान उतारने या अपने पास रखने की सलाह दे, तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं। किसी भी अपरिचित को अपने आभूषण या नकदी न सौंपें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस तरह संपर्क करे तो तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। आपकी थोड़ी-सी सतर्कता आपको बड़ी आर्थिक क्षति से बचा सकती है।

