फरसा-चापड़ से हमला करने वाले बदमाश चंद घंटों में गिरफ्तार महिला भी सलाखों के पीछे…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर तालाबपार के चिंगराजपारा क्षेत्र में फरसा और चापड़ जैसे घातक हथियारों से लैस दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फरसा और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
सरकंडा थाना से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की शाम चिंगराजपारा स्थित सूर्या चौक, पुराना तालाब के पास दो गुटों के बीच हथियारों के साथ जमकर मारपीट और संघर्ष हुआ था। घटना के बाद प्रार्थी दीपक मार्के की रिपोर्ट पर आरोपी सतीश सिंह ठाकुर उर्फ धन्नू, संध्या सिंह ठाकुर, जग्गू दास मानिकपुरी तथा उमेश वर्मा उर्फ लिल्ले के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1126/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) के मार्गदर्शन तथा सीएसपी सरकंडा के निर्देश पर थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संध्या सिंह ठाकुर, जग्गू दास मानिकपुरी और उमेश वर्मा उर्फ लिल्ले को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त फरसा तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:-
उमेश वर्मा उर्फ लिल्ले उर्फ राजा (28), निवासी सूर्या चौक, चिंगराजपारा, थाना सरकंडा।
जग्गू दास मानिकपुरी (18), निवासी सूर्या चौक, चिंगराजपारा, थाना सरकंडा।
संध्या सिंह ठाकुर (29), निवासी सूर्या चौक, चिंगराजपारा, थाना सरकंडा।
सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर शिकंजा कस गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

