ड्रीमलैंड स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया वृक्षारोपण महोत्सव…!
छात्रों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगाए पौधे…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वृक्षारोपण महोत्सव पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

कार्यक्रम में सैवल सर, लक्ष्मणेंद्र साहू, रूबी चक्रवर्ती एवं प्रतिभा गर्ग ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया। इस दौरान नीम, मेडिसिनल नीम, आम और बेल सहित कई उपयोगी एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को बताया गया कि वृक्ष न केवल वातावरण को शुद्ध बनाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को छाया, फल और स्वच्छ जीवन भी प्रदान करते हैं।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज वे जिस समर्पण से पौधे लगा रहे हैं, उसी लगन और मेहनत से भविष्य में समाज और देश की सेवा भी करेंगे।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ये पौधे बड़े होकर लोगों को छाया, फल और स्वच्छ वातावरण देंगे, उसी प्रकार विद्यार्थी भी अपने ज्ञान, संस्कार और कर्मों से समाज को नई दिशा देंगे।

उन्होंने बच्चों से प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का संकल्प बनाने का आह्वान किया।

वृक्षारोपण महोत्सव के दौरान विद्यालय परिसर हरियाली के संदेश से गूंज उठा और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम को उत्साह, जोश और सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफल बनाया।

