निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर स्वर्ण जयंती कॉलोनी में अवैध हिस्सा ध्वस्त…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर में अवैध और नियम विरुद्ध भवन निर्माण पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को स्वर्ण जयंती कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने निर्माणाधीन भवन के स्वीकृत नक्शे से बाहर बनाए गए हिस्से को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर भवन शाखा, अतिक्रमण अमले और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
जानकारी के अनुसार, स्वर्ण जयंती कॉलोनी में अनूप सिंह ठाकुर द्वारा कराए जा रहे भवन निर्माण की जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य स्वीकृत भवन अनुज्ञा (नक्शे) के विपरीत किया जा रहा था। संबंधित भवन की अनुज्ञा 9 दिसंबर 2025 को जारी की गई थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त एवं नियम विरुद्ध निर्माण सामने आया।
नगर निगम ने भवन स्वामी को नियमानुसार नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने और निर्माण को स्वीकृत नक्शे के अनुरूप करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 9 अप्रैल 2026 और 26 मई 2026 को भी नोटिस की तामील कराई गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और अवैध निर्माण जारी रहने पर निगम ने कार्रवाई का निर्णय लिया।

शुक्रवार को निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्वीकृत नक्शे के विपरीत बनाए गए निर्माण को मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में अवैध एवं नियम विरुद्ध निर्माण पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि नोटिस जारी होने के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में भवन निर्माण नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।

