बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए अड्डेबाजी, नशाखोरी और अशांति फैलाने वाले सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में थाना क्षेत्र के चिन्हित अड्डों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक शांति भंग करने, अड्डेबाजी करने और नशाखोरी में संलिप्त सात लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में त्रिलोक कौशिक उर्फ सोनू कौशिक, बुद्धेश्वर धुरी उर्फ कमल, रंजीत रात्रे, प्रदीप धुरी, अमरजीत यादव, अमित यादव और अंकित यादव शामिल हैं।
सिरगिट्टी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशाखोरी, अड्डेबाजी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने जैसी गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

