मलेरिया-डेंगू की रोकथाम को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक, स्वास्थ्य जांच एवं डायग्नोस्टिक कैंप का भी आयोजन
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] मलेरिया, डेंगू एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कोटा क्षेत्र में सेवा और जागरूकता की बड़ी पहल की। कोटा ब्लॉक के औरापानी आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को 1500 मच्छरदानियां एवं 500 क्लोरीन की बोतलें वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू सहित मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं डायग्नोस्टिक कैंप भी लगाया गया, जहां स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम में एसडीएम कोटा प्रवेश पैकरा एवं सीएमएचओ बिलासपुर डॉ. शुभा गरेवाल ने सहभागिता की और रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के सेवा कार्य की सराहना की। आयोजन को बीपीएम श्वेता, मलेरिया नोडल अधिकारी वैष्णव एवं तहसीलदार राहुल साहू का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल, सचिव रोटेरियन रौनक साव गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष रोटेरियन विमलेश अग्रवाल सहित रोटेरियन डॉ. सुनील केडिया, डॉ. मनोज राय, पीयूष गुप्ता, चरनजीत गंभीर, डॉ. सिद्धार्थ वर्मा, शैलेश अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल एवं नितेश अग्रवाल उपस्थित रहे।
बीमारी से बचाव ही सबसे बड़ा उपचार
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि बीमारी का इलाज जरूरी है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है बीमारी की रोकथाम।

समय पर जागरूकता और जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक संसाधन पहुंचाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य, जागरूकता और सेवा से जुड़े कार्य पहुंचाता रहेगा।
इस सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों का आर्थिक सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता रही।

