विधानसभा के 38 वार्डों में मोहल्ला विकास समितियों का हुआ गठन…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} विधानसभा के 38 वार्डों में मोहल्ला विकास समितियों का गठन पदाधिकारियों को आई-कार्ड एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया
बिलासपुर-
[जनहित न्यूज़] मोहल्ले के विकास, स्थानीय समस्याओं के निराकरण और शहर के विकास कार्यों में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर नगर निगम के बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी 38 वार्डों में मोहल्ला विकास समितियों का गठन किया गया है। नवगठित मोहल्ला समितियों के पदाधिकारियों को आई-कार्ड वितरण एवं प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आज स्वर्गीय लखीराम ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नवगठित मोहल्ला समितियों के पदाधिकारियों को आई-कार्ड वितरित किए गए तथा उन्हें समितियों के अधिकार, कर्तव्य, दायित्व और कार्यप्रणाली के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल ने कहा कि मोहल्ला विकास समितियों के गठन का प्रमुख उद्देश्य विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं के निराकरण में मोहल्ले के नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि किसी मोहल्ले की वास्तविक आवश्यकता और वहां की समस्याओं को उस मोहल्ले में रहने वाले नागरिकों से बेहतर कोई नहीं समझ सकता। इसलिए विकास की प्राथमिकताएं तय करने में मोहल्ला समिति के सुझाव और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे।

उन्होंने कहा कि मोहल्ला विकास समिति नागरिकों और नगर निगम के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करेगी। समिति के माध्यम से नागरिक अपने मोहल्ले की आवश्यकताओं, समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को नगर निगम एवं प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा मोहल्ले और शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा में बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

