पत्नी के साथ दिल्ली में छिपा था शातिर आरोपी तोरवा पुलिस ने दबोचा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को अविवाहित बताकर महिला को अपने जाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने तथा नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी हड़पने के मामले में तोरवा पुलिस ने फरार आरोपी को उसकी पत्नी सहित बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता से करीब 12 से 13 लाख रुपये कीमत के जेवर एवं नगदी हासिल किए थे। घटना के बाद से आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
शादी डॉट कॉम के जरिए हुई थी पहचान
थाना तोरवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी पीड़िता ने 09 मार्च 2026 को थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम के माध्यम से पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा निवासी पवन कुमार यादव से हुई थी।
आरोप है कि पवन यादव ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए पीड़िता का विश्वास जीता और शादी का आश्वासन दिया। इसके बाद उसने पीड़िता के साथ दैहिक शोषण किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे नौकरी लगवाने का झांसा देकर नगदी के साथ सोने-चांदी के जेवर भी हासिल कर लिए। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 12–13 लाख रुपये बताई गई है।
पत्नी के साथ लगातार बदल रहा था ठिकाना
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में पामगढ़ के अलावा बिलासपुर के सरकंडा स्थित उसके ससुराल में भी कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। उसका मोबाइल नंबर भी बंद पाया गया।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। इसके बावजूद आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
बंद मोबाइल और खातों के बीच पत्नी का बैंक खाता बना अहम सुराग:-
तोरवा पुलिस ने हार नहीं मानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी जारी रखी। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबरों के साथ-साथ विभिन्न बैंक खातों की भी जांच की। जांच में अधिकांश खाते बंद मिले, लेकिन आरोपी की पत्नी नवीता यादव के एक बैंक खाते में लगातार लेन-देन होना पाया गया।
पुलिस ने उक्त बैंक खाते के ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की तो बल्लभगढ़, हरियाणा क्षेत्र में खाते से राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई। यह पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ।
च्वाइस सेंटर के सुराग से पहुंची पुलिस आरोपी तक बैंक ट्रांजेक्शन से मिले सुराग के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और थाना तोरवा की विशेष पुलिस टीम को दिल्ली एवं हरियाणा क्षेत्र रवाना किया गया। जांच के दौरान उस च्वाइस सेंटर की जानकारी जुटाई गई, जहां से आरोपी द्वारा राशि की निकासी की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई पतासाजी के बाद पुलिस टीम आखिरकार आरोपी तक पहुंच गई।

बल्लभगढ़ से आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार
तोरवा पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए फरार आरोपी पवन कुमार यादव (34 वर्ष), पिता स्व. शंकरलाल यादव, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा तथा उसकी पत्नी नवीता यादव (30 वर्ष), पति पवन कुमार यादव, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार किया।
पुलिस दोनों आरोपियों को बिलासपुर लेकर आई। दोनों को 09 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
लगातार कार्रवाई से मिली सफलता
तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शन और लगातार की गई पतासाजी की अहम भूमिका रही। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दंपत्ति को दूसरे राज्य से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाना पुलिस की लगातार कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है।

